
बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान ‘मुरासु’ का झारखंड में व्यापक प्रभाव पड़ने की संभावना नहीं है। हालांकि, 2 से 4 नवंबर के बीच राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। मौसम में बदलाव का असर मुख्य रूप से दक्षिणी झारखंड और संताल परगना के जिलों में देखने को मिल सकता है।
3 नवंबर को इन जिलों में बारिश की संभावना
मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, 3 नवंबर को रांची, खूंटी, गुमला, लोहरदगा, हजारीबाग, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, कोडरमा, देवघर, दुमका, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज और गोड्डा में आसमान में बादल छाये रहने के साथ हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, पलामू प्रमंडल के कुछ जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
दक्षिणी झारखंड में दिख सकता है ज्यादा असर
मौसम केंद्र के मुताबिक, चक्रवाती तूफान ‘मुरासु’ का अपेक्षाकृत अधिक प्रभाव सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिलों में देखने को मिल सकता है। इन इलाकों में मौसम में बदलाव के साथ हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है।
6 नवंबर तक मौसम को लेकर कोई विशेष चेतावनी नहीं
झारखंड के लिए 2 से 6 नवंबर तक कोई विशेष मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है। हालांकि, कुछ जिलों में बादल छाये रहने, हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना से इनकार नहीं किया गया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, बारिश का प्रभाव धीरे-धीरे कम हो सकता है, लेकिन राज्य के सभी हिस्सों में मौसम एक जैसा रहने की संभावना नहीं है।





