
Jharkhand News: तूफान अर्नब से धान की फसल को नुकसान, किसानों को राहत देने का निर्देश
रांची: झारखंड में चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के संभावित प्रभाव, भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण धान की फसल को हुए नुकसान का आकलन कर प्रभावित किसानों को राहत देने की तैयारी शुरू कर दी गई है। स्वास्थ्य एवं आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने राज्य के सभी जिलों के उपायुक्तों (डीसी) को तत्काल व्यापक स्थलीय सर्वेक्षण कराने और प्रभावित किसानों को नियमानुसार उचित मुआवजा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।
गांव-गांव जाकर फसलों के नुकसान का होगा आकलन
मंत्री ने निर्देश दिया कि जामताड़ा समेत राज्य के सभी जिलों में प्रशासनिक टीमें गांव-गांव जाकर खेतों का निरीक्षण करें। धान की फसल और कृषि भूमि को हुए नुकसान का पारदर्शी तरीके से आकलन कर पात्र किसानों की सूची तैयार की जाए, ताकि प्रभावित किसानों को समय पर सरकारी सहायता मिल सके।
सर्वेक्षण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
डॉ. इरफान अंसारी ने स्पष्ट किया कि सर्वेक्षण के नाम पर किसी भी तरह की लापरवाही या खानापूर्ति बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है कि कोई भी पात्र किसान राहत और मुआवजे से वंचित न रहे।
मंत्री ने आपदा प्रबंधन व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त रखने का निर्देश देते हुए कहा कि वह स्वयं स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने अधिकारियों को पूरी तत्परता से काम करने और संकट की इस घड़ी में किसी भी स्तर पर देरी या संवेदनहीनता से बचने की हिदायत दी।
अस्पतालों को अलर्ट मोड में रहने का निर्देश
फसल नुकसान के आकलन के साथ-साथ मंत्री ने स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी विशेष सतर्कता बरतने को कहा है। उन्होंने सभी जिलों के सिविल सर्जनों को अलर्ट मोड में रहने और अस्पतालों में आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में लोगों को तत्काल स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।




