
JTET 2026: झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा 1 नवंबर को, 986 केंद्रों पर देंगे 5.65 लाख अभ्यर्थी परीक्षा

रांची: झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट) 2026 का आयोजन 1 नवंबर को किया जाएगा। परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा के लिए गुरुवार को मुख्य सचिव अविनाश कुमार की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक हुई। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित इस बैठक में शिक्षा विभाग, झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) के अधिकारी, सभी जिलों के उपायुक्त और वरीय पुलिस अधीक्षक शामिल हुए।
परीक्षा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, कड़ी निगरानी के निर्देश
मुख्य सचिव ने कहा कि जेटेट का सफल आयोजन राज्य की छवि बेहतर बनाने का महत्वपूर्ण अवसर है। ऐसे में परीक्षा संचालन में किसी भी तरह की चूक या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने राज्य, जिला और परीक्षा केंद्र स्तर पर कड़ी निगरानी रखने तथा परीक्षा को कदाचार मुक्त बनाने के लिए पुलिस और प्रशासन को पूरी तरह सतर्क रहने का निर्देश दिया।
होटलों की जांच और साइबर सेल को निगरानी का आदेश
परीक्षा में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी रोकने के लिए मुख्य सचिव ने जिलों में परीक्षा से पहले होटलों की जांच कराने का निर्देश दिया। साथ ही, साइबर सेल को लगातार निगरानी रखने को कहा। अभ्यर्थियों की बड़ी संख्या को देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने और परीक्षा केंद्रों तक आवागमन सुचारू रखने पर भी जोर दिया गया।
राज्यभर में बनाए गए 986 परीक्षा केंद्र
जेटेट 2026 का आयोजन राज्य के 986 केंद्रों पर होगा। प्राथमिक स्तर (पहली से 5वीं) की परीक्षा में 1,95,935 अभ्यर्थी, जबकि उच्च प्राथमिक स्तर ( छठी से 8वीं ) में 3,69,113 अभ्यर्थी शामिल होंगे। इस तरह दोनों स्तरों पर कुल 5,65,048 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
धनबाद में सबसे अधिक 108 परीक्षा केंद्र
परीक्षा केंद्रों की संख्या के मामले में धनबाद जिला सबसे आगे है। यहां 108 केंद्र बनाए गए हैं। इसके बाद रांची में 101, पूर्वी सिंहभूम में 93, बोकारो में 72 और हजारीबाग में 53 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं।
रांची, धनबाद और पूर्वी सिंहभूम में बड़ी संख्या में परीक्षार्थी
उच्च प्राथमिक स्तर (छठी से 8वीं) की परीक्षा में रांची से सबसे अधिक 44,892 अभ्यर्थी शामिल होंगे। धनबाद में 38,509, पूर्वी सिंहभूम में 36,108 और बोकारो में 31,326 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
वहीं, प्राथमिक स्तर (पहली से 5वीं) में पूर्वी सिंहभूम से सबसे अधिक 21,025 अभ्यर्थी शामिल होंगे। रांची में 20,862 अभ्यर्थी इस स्तर की परीक्षा देंगे। परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और कदाचार मुक्त तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं।




