
झारखंड के हर विद्यार्थी की बनेगी डिजिटल हेल्थ आईडी, एक क्लिक में मिलेगी स्वास्थ्य की पूरी जानकारी
राज्य के सरकारी विश्वविद्यालयों और अंगीभूत कॉलेजों में अब प्रत्येक विद्यार्थी की डिजिटल हेल्थ आईडी बनाई जाएगी। इसके लिए विद्यार्थियों का ई-समर्थ पोर्टल के हेल्थ मैनेजमेंट सिस्टम पर पंजीकरण कराया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों के स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारियों को इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड के रूप में सुरक्षित रखना है। इससे जरूरत पड़ने पर एक क्लिक में विद्यार्थी के स्वास्थ्य संबंधी विवरण प्राप्त किए जा सकेंगे।
ऑनलाइन काउंसलिंग और परामर्श की मिलेगी सुविधा
उच्च शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन काउंसलिंग की व्यवस्था भी की जाएगी। इसके तहत वीडियो और ऑडियो के माध्यम से परामर्श लेने की सुविधा उपलब्ध होगी। साथ ही, विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित जानकारी और आवश्यकता के अनुसार डिजिटल सहायता भी प्रदान की जाएगी। इस पहल से विद्यार्थियों को शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक सेहत से जुड़ी समस्याओं के समाधान में भी मदद मिलेगी।
स्वास्थ्य संबंधी जानकारी की गोपनीयता अनिवार्य
डिजिटल हेल्थ मैनेजमेंट सिस्टम के तहत विद्यार्थियों के स्वास्थ्य संबंधी विवरण और काउंसलिंग रिकॉर्ड की गोपनीयता सुनिश्चित करना अनिवार्य होगा। विद्यार्थियों की निजी जानकारियों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि उनकी स्वास्थ्य संबंधी जानकारी का सुरक्षित तरीके से प्रबंधन किया जा सके।
राज्य सरकार ने परिनियम को दी मंजूरी
बताया जाता है कि राज्य सरकार ने उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के हेल्थ केयर मैनेजमेंट एंड मेंटल वेलबीइंग परिनियम को स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस निर्णय के बाद सरकारी विश्वविद्यालयों और अंगीभूत कॉलेजों में विद्यार्थियों के स्वास्थ्य प्रबंधन, मानसिक कल्याण और डिजिटल परामर्श सेवाओं को व्यवस्थित रूप से लागू करने की दिशा में पहल की जाएगी।




