
झारखंड में 15 दिसंबर से होगी धान की खरीद, 50 लाख क्विंटल का लक्ष्य तय
Jharkhand to Begin Paddy Procurement on December 15, Sets 50 Lakh Quintal Target
रांची: खरीफ विपणन मौसम 2026–27 के लिए झारखंड में धान खरीद की तैयारियां तेज हो गई हैं। राज्य में किसानों से धान की खरीद 15 दिसंबर से शुरू करने की योजना है। इस बार सरकार ने 50 लाख क्विंटल धान खरीद का लक्ष्य रखा है। पिछले वित्तीय वर्ष में 60 लाख क्विंटल धान अधिप्राप्ति का लक्ष्य निर्धारित था।
धान खरीद व्यवस्था को पारदर्शी बनाने और किसानों को सीधे सरकारी अधिप्राप्ति का लाभ पहुंचाने के लिए इस बार कई प्रक्रियाएं अनिवार्य की गई हैं। किसानों की जमीन का सत्यापन किया जाएगा और केवल उन्हीं किसानों से धान खरीदा जाएगा, जिनका भूमि सत्यापन पूरा हो चुका होगा और ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी होगी।
धान की समय पर मिलिंग और चावल की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए राइस मिलों का पंजीकरण भी अनिवार्य किया गया है। इच्छुक राइस मिल संचालकों को 15 अक्टूबर तक आवेदन जमा करने का निर्देश दिया गया है। संबंधित जिला आपूर्ति कार्यालयों के माध्यम से इस बारे में सूचना जारी की गई है।
धान की खरीद से लेकर परिवहन और भंडारण तक की निगरानी के लिए तकनीक का इस्तेमाल होगा। धान ढोने वाले वाहनों को जीपीएस ट्रैकिंग सिस्टम से जोड़ा जाएगा, ताकि विभाग को यह जानकारी मिल सके कि धान कहां से उठाया गया, किस वाहन से भेजा गया और वह निर्धारित राइस मिल या गोदाम तक पहुंचा या नहीं।
इस वर्ष करीब 19 लाख क्विंटल चावल तैयार करने का लक्ष्य भी रखा गया है। सरकार का उद्देश्य वास्तविक किसानों तक अधिप्राप्ति का लाभ पहुंचाना, फर्जीवाड़े पर रोक लगाना और पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखना है।




