
Milk Price Hike: इस शहर में 1 अक्टूबर से महंगा होगा दूध, कीमत में 3 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ोतरी
नई दर लागू होने के बाद डेयरी और दुकानों पर 68 रुपये लीटर मिलेगा दूध, होम डिलीवरी के लिए 69 रुपये चुकाने होंगे

नई दिल्ली: मध्य प्रदेश के इंदौर में 1 अक्टूबर से दूध की कीमतों में बढ़ोतरी होने जा रही है। नई दर लागू होने के बाद ग्राहकों को डेयरी और दुकानों पर दूध के लिए 68 रुपये प्रति लीटर चुकाने होंगे। मौजूदा कीमत के मुकाबले यह करीब 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी है।
दूध के दाम बढ़ाने के साथ ही दूध उत्पादक किसानों को भी पहले की तुलना में अधिक भुगतान किया जाएगा। नई व्यवस्था के तहत दूध की कीमत फैट की मात्रा के आधार पर तय होगी।
किसानों को मिलेगा ज्यादा भुगतान
नई दर व्यवस्था में दूध उत्पादकों को प्रति फैट 33 पैसे अधिक भुगतान किया जाएगा। खास तौर पर 5.5 से 6 फैट वाले दूध के लिए संशोधित दरें लागू की गई हैं। अधिकारियों के अनुसार, इससे दूध उत्पादकों को बेहतर रिटर्न मिल सकेगा और बढ़ी हुई खरीद लागत को भी कीमतों में समायोजित किया जा सकेगा।
होम डिलीवरी के लिए देने होंगे 69 रुपये
दुकान या डेयरी से दूध खरीदने पर जहां ग्राहकों को 68 रुपये प्रति लीटर देने होंगे, वहीं होम डिलीवरी कराने पर 1 रुपये अतिरिक्त देना होगा। यानी घर पर दूध मंगाने के लिए ग्राहकों को 69 रुपये प्रति लीटर चुकाने होंगे।
बताया गया है कि होम डिलीवरी पर लगाया गया अतिरिक्त शुल्क डिलीवरी सेवा से जुड़ी लागत को पूरा करने के लिए लिया जाएगा। इस तरह 1 अक्टूबर से इंदौर में दूध खरीदने वाले ग्राहकों के लिए नई कीमतें लागू हो जाएंगी।




