
गेतलसूद डैम का बढ़ा जलस्तर, आज खुल सकते हैं गेट; नदी किनारे रहने वालों के लिए अलर्ट
1933.5 आरएल फीट पहुंचते ही खोले जा सकते हैं रेडियल गेट, हुंडरू फॉल से चांडिल तक बढ़ सकता है पानी का प्रवाह; सिकिदिरी परियोजना का उत्पादन भी बंद

अनगड़ा (रांची): लगातार हो रही बारिश के बीच गेतलसूद डैम का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है. डैम में पानी की बढ़ती आवक को देखते हुए इसके रेडियल गेट खोले जाने की तैयारी की जा रही है. प्रशासन और संबंधित विभाग स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं.
शुक्रवार दोपहर करीब 1:30 बजे गेतलसूद डैम का जलस्तर 1932.8 आरएल फीट दर्ज किया गया. डैम की अधिकतम जलधारण क्षमता 1936 आरएल फीट है. वहीं, जलस्तर 1933.5 आरएल फीट तक पहुंचने पर रेडियल गेट खोले जा सकते हैं.
रात में खोले जा सकते हैं गेट
विभागीय जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात गेट खोलने की तैयारी की जा रही है. गेट खोलने से पहले आसपास के इलाकों में प्रशासन की ओर से अलर्ट जारी किया जाएगा. लोगों की सुरक्षा को देखते हुए जरूरी इंतजाम भी किए जा रहे हैं.
हुंडरू फॉल और चांडिल तक असर की संभावना
गेतलसूद डैम से अतिरिक्त पानी छोड़े जाने पर स्वर्णरेखा नदी में पानी का बहाव बढ़ सकता है. इसका असर हुंडरू फॉल, मुरी क्षेत्र और आगे चांडिल डैम के जलस्तर पर भी पड़ने की संभावना है.
प्रशासन ने नदी के किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से सावधानी बरतने और नदी-जलाशय के आसपास जाने से बचने की अपील की है.
सिकिदिरी पावर प्रोजेक्ट का उत्पादन बंद
इधर, सिकिदिरी जल विद्युत परियोजना में शुक्रवार सुबह 11:30 बजे से तकनीकी कारणों से बिजली उत्पादन बंद है. इसके चलते गेतलसूद डैम से परियोजना की ओर नहर के जरिए होने वाली पानी की निकासी भी फिलहाल बंद है.
एक तरफ लगातार बारिश के कारण डैम में पानी की आवक बढ़ रही है, वहीं दूसरी तरफ परियोजना की ओर पानी की निकासी रुकने से जलस्तर और तेजी से बढ़ रहा है. इसी स्थिति को देखते हुए डैम के रेडियल गेट खोले जाने की तैयारी की जा रही है.




