
रांची के डोरंडा में SIR हेल्प डेस्क सेंटर शुरू, वेबसाइट भी लॉन्च; लोगों को मिलेगी हर जरूरी जानकारी
रहमत कॉलोनी में शुरू हुआ सहायता केंद्र, डोरंडा-कडरू समेत आसपास के लोगों को SIR प्रक्रिया में मिलेगा मार्गदर्शन

रांची: राजधानी रांची के डोरंडा इलाके में एसआईआर को लेकर लोगों की मदद के लिए हेल्प डेस्क सेंटर की शुरुआत की गयी है। रहमत कॉलोनी स्थित नदीम के कार्यालय में वार्ड पार्षद अमित मिंज ने सेंटर का उद्घाटन किया। इसी दौरान एसआईआर हेल्प डेस्क की वेबसाइट भी लॉन्च की गयी।
इस हेल्प डेस्क का मुख्य उद्देश्य लोगों को एसआईआर से जुड़ी सही और जरूरी जानकारी एक ही जगह उपलब्ध कराना है। सेंटर पर लोगों को प्रक्रिया से संबंधित जानकारी देने के साथ उनकी समस्याओं का समाधान और आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया जायेगा।
कार्यक्रम के दौरान तकनीकी टीम के सदस्य वहाब दानिश ने वेबसाइट की कार्यप्रणाली और इसमें उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वेबसाइट के जरिए लोगों तक एसआईआर से संबंधित जानकारी और सहायता को आसान तरीके से पहुंचाने का प्रयास किया गया है।
यह सहायता केंद्र खास तौर पर डोरंडा, कडरू और आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए उपयोगी होगा। एसआईआर की प्रक्रिया को लेकर किसी तरह की परेशानी या जानकारी की जरूरत होने पर लोग यहां मार्गदर्शन ले सकेंगे।
कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने कहा कि एसआईआर की प्रक्रिया को लेकर लोगों के बीच सही जानकारी पहुंचाना बेहद जरूरी है। जागरूकता और उचित मार्गदर्शन से लोगों को प्रक्रिया समझने में आसानी होगी और गलत जानकारी से बचा जा सकेगा।
कार्यक्रम में हुमायूं रशीद, खैरुल्लाह, हफीजुद्दीन अंसारी, इकबाल, मुमताज खान, शमीम, सुरैया जबीं, शादाब, नसर इमाम, मकसूद आलम, जमील अहमद, अनवर खान, नदीम, शहनवाज, जीशान, खुर्शीद, अशफाक, वहाब दानिश, अकबर नूरी, इमाम हसन और कामरान समेत कई लोग मौजूद रहे।




