
Hanuman Ansh 2: विराट-अनुष्का के साथ फिल्म में नजर आ सकती हैं हॉलीवुड एक्ट्रेस जूलिया रॉबर्ट्स, नीम करौली बाबा से है खास जुड़ाव
200 करोड़ क्लब में पहुंची पहली फिल्म के बाद ट्रिलॉजी के दूसरे पार्ट की तैयारी, मेकर्स ने जूलिया रॉबर्ट्स समेत कई आध्यात्मिक हस्तियों से संपर्क करने की बात कही

नई दिल्ली: नीम करौली बाबा की जिंदगी पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ को दर्शकों की तरफ से काफी पसंद किया गया है। फिल्म 200 करोड़ रुपये के क्लब में शामिल हो चुकी है और अब इसके अगले पार्ट को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
मेकर्स ने साफ कर दिया है कि ‘हनुमान अंश’ एक ट्रिलॉजी होगी। ऐसे में दूसरे पार्ट में कहानी को आगे बढ़ाने के साथ कुछ खास चेहरों को जोड़ने की तैयारी भी चल रही है।
विराट-अनुष्का के बाद जूलिया रॉबर्ट्स का नाम

कुछ समय पहले फिल्म की निर्माता नम्रता सिंह ने संकेत दिया था कि वह नीम करौली बाबा से आध्यात्मिक रूप से जुड़े कुछ लोगों से फिल्म का हिस्सा बनने के लिए बातचीत कर रही हैं। इसके बाद विराट कोहली और अनुष्का शर्मा के नाम को लेकर भी चर्चा हुई।
अब कई मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि हॉलीवुड की मशहूर एक्ट्रेस जूलिया रॉबर्ट्स भी Hanuman Ansh 2 का हिस्सा बन सकती हैं।
मेकर ने क्या कहा?
जूलिया रॉबर्ट्स के फिल्म से जुड़ने की खबर पर जब निर्माता नम्रता सिंह से सवाल किया गया, तो उन्होंने बताया कि उन्होंने कुछ लोगों से संपर्क किया है और उन लोगों को फिल्म के बारे में पहले से जानकारी है।
हालांकि, जूलिया रॉबर्ट्स की फिल्म में एंट्री को लेकर अभी आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं हुई है।
नीम करौली बाबा से जूलिया रॉबर्ट्स का है खास कनेक्शन

जूलिया रॉबर्ट्स का नाम इस फिल्म से जुड़ने की चर्चा इसलिए भी खास है क्योंकि वह खुद नीम करौली बाबा के प्रति अपनी आस्था के बारे में बात कर चुकी हैं।
एक टीवी इंटरव्यू में जूलिया ने बताया था कि नीम करौली बाबा की एक तस्वीर देखने के बाद उनकी आध्यात्मिक यात्रा और हिंदू धर्म के प्रति उनकी दिलचस्पी बढ़ी।
साल 2010 में फिल्म ‘ईट प्रे लव’ की शूटिंग के दौरान उनका आध्यात्मिकता की ओर झुकाव और मजबूत हुआ। उन्होंने यह भी बताया था कि वह अपने परिवार के साथ मंदिर जाती हैं और हिंदू धर्म का अभ्यास करती हैं।
दूसरे पार्ट में दिखेगा कैंची धाम का शुरुआती दौर
जहां हनुमान अंश के पहले पार्ट में नीम करौली बाबा के बचपन, उनकी यात्राओं और ज्ञान प्राप्ति की कहानी पर फोकस किया गया था, वहीं दूसरे पार्ट में कहानी को आगे बढ़ाया जाएगा।
‘हनुमान अंश 2’ में नीम करौली बाबा के कैंची धाम के शुरुआती दिनों को दिखाने की तैयारी है।
निर्माता नम्रता सिंह के मुताबिक, बाबा ने हजारों लोगों की जिंदगी को प्रभावित किया और दूसरे पार्ट की कहानी में उनके भारतीय भक्तों और उनसे जुड़े अनुभवों को खास जगह दी जाएगी।
अब देखना दिलचस्प होगा कि विराट कोहली, अनुष्का शर्मा और जूलिया रॉबर्ट्स में से कौन-कौन Hanuman Ansh 2 में नजर आता है और फिल्म नीम करौली बाबा की कहानी को किस तरह आगे लेकर जाती है।





