रांची में प्याज के दाम में राहत, थोक कीमत ₹2 तक घटी; खुदरा में अब भी ₹50-55 किलो

0
65
Share This Post

पंडरा मंडी में बढ़िया प्याज ₹45-46 किलो बिका, बाजार में सरकारी स्टॉक आने की खबर से कीमतों में नरमी; लहसुन-अदरक के भाव बढ़े, आलू स्थिर

रांची: राजधानी में प्याज की बढ़ती कीमतों के बीच उपभोक्ताओं को थोड़ी राहत मिली है। रांची की पंडरा थोक मंडी में बुधवार को प्याज के भाव में करीब दो रुपये प्रति किलो की गिरावट दर्ज की गयी। हालांकि खुदरा बाजार में कीमत अभी भी 50 से 55 रुपये प्रति किलो के आसपास बनी हुई है।

मंडी में बुधवार को अच्छी गुणवत्ता वाला प्याज 45 से 46 रुपये किलो बिका। इससे एक दिन पहले यानी मंगलवार को यही प्याज 46 से 48 रुपये किलो था। वहीं मध्यम गुणवत्ता का प्याज 42 से 44 रुपये और छोटे आकार का प्याज 30 से 35 रुपये किलो बिका।

अगस्त की शुरुआत में 25-30 रुपये था भाव

प्याज की मौजूदा कीमत अगस्त की शुरुआत की तुलना में अभी भी काफी अधिक है। उस समय अच्छी गुणवत्ता वाला प्याज करीब 25 से 30 रुपये किलो बिक रहा था। कारोबारियों के मुताबिक बाजार में सरकारी स्टॉक उतारे जाने की सूचना के बाद थोक कीमतों में कुछ नरमी आयी है।

फिलहाल रांची की पंडरा मंडी में महाराष्ट्र के नासिक और अहमदनगर के अलावा मध्य प्रदेश के इंदौर से रोजाना करीब 8 से 10 ट्रक प्याज पहुंच रहा है। पहले मंडी में प्रतिदिन 15 से 20 ट्रक तक प्याज आता था।

व्यापारियों का कहना है कि कीमत बढ़ने और सावन के कारण मांग में कमी आयी है। इससे भी बाजार पर कुछ दबाव कम हुआ है। हालांकि खुदरा बाजार में प्याज अभी भी 50 से 55 रुपये किलो बिक रहा है।

अगले महीने प्याज के दाम में और राहत की उम्मीद

व्यापारियों के मुताबिक अगले महीने आंध्र प्रदेश से नया प्याज बाजार में आने की उम्मीद है। नई आवक बढ़ने के बाद प्याज की कीमतों में और गिरावट देखने को मिल सकती है।

लहसुन के भाव में तेजी

प्याज के मुकाबले लहसुन की कीमत में तेजी बनी हुई है। पंडरा थोक मंडी में फूल लड्डू किस्म का लहसुन 170 से 180 रुपये किलो, मीडियम लहसुन 130 से 140 रुपये और छोटी किस्म 110 से 115 रुपये किलो बिक रही है।

व्यापारियों के अनुसार जून के अंतिम सप्ताह तक लहसुन की कीमत करीब 90 से 160 रुपये किलो के बीच थी। वर्तमान में मध्य प्रदेश और राजस्थान से रोजाना एक-दो ट्रक लहसुन रांची पहुंच रहा है। खुदरा बाजार में लहसुन और अदरक की कीमत करीब 40 से 50 रुपये प्रति पाव बतायी जा रही है।

अदरक भी हुआ महंगा

अदरक की कीमत में भी पिछले कुछ समय में बढ़ोतरी हुई है। पंडरा मंडी में अदरक 140 से 150 रुपये किलो बिक रहा है। इसकी आपूर्ति महाराष्ट्र और ओडिशा से हो रही है। जून के अंतिम सप्ताह में अदरक की थोक कीमत करीब 110 से 120 रुपये किलो थी। कारोबारियों को उम्मीद है कि सितंबर में स्थानीय स्तर पर नये अदरक की आवक बढ़ने के बाद कीमत में कुछ कमी आ सकती है। फिलहाल स्थानीय नया अदरक कम मात्रा में उपलब्ध है और इसके जल्दी खराब होने के कारण इसकी आपूर्ति भी सीमित है।

आलू के दाम फिलहाल स्थिर

वहीं आलू की कीमतों में फिलहाल कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ है। पंडरा थोक मंडी में सामान्य आलू 7 से 8 रुपये किलो, लाल अल्टीमेटम आलू 13 से 14 रुपये और लाल गोल आलू 10 से 11 रुपये किलो बिक रहा है। रांची में बंगाल और उत्तर प्रदेश से रोजाना करीब 20 से 25 ट्रक आलू पहुंच रहा है। पर्याप्त आवक के कारण फिलहाल आलू की कीमत स्थिर बनी हुई है।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here