नई नियमावली पर कोर्ट में मामला लंबित, पुरानी व्यवस्था से होगी प्रवेश प्रक्रिया; 22 नवंबर को परीक्षा, 100 छात्रों का होगा अंतिम चयन

रांची: झारखंड के प्रतिष्ठित नेतरहाट आवासीय विद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए इस बार भी पुरानी नियमावली के तहत नामांकन प्रक्रिया होगी। इसका मतलब है कि कक्षा छह में इस साल भी केवल बालकों को ही प्रवेश दिया जाएगा। छात्राओं के लिए 33 प्रतिशत सीटों का प्रावधान नई नियमावली में किया गया है, लेकिन उसके लागू नहीं होने के कारण फिलहाल यह व्यवस्था प्रभावी नहीं होगी।
नई नियमावली पर कोर्ट में मामला
स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने अप्रैल 2026 में नेतरहाट विद्यालय के लिए नई सेवाशर्त नियमावली तैयार की थी। इसमें विद्यालय के संचालन और नामांकन व्यवस्था में कई महत्वपूर्ण बदलाव प्रस्तावित किए गए हैं। हालांकि, नियमावली से जुड़ा मामला अदालत में लंबित होने के कारण इसे अभी लागू नहीं किया जा सका है।
इसी वजह से नेतरहाट विद्यालय समिति ने पिछले वर्ष की व्यवस्था के आधार पर ही इस बार भी प्रवेश प्रक्रिया आयोजित करने का फैसला लिया है। इसके लिए माध्यमिक शिक्षा निदेशालय की सहमति भी ली गई है।
नई व्यवस्था में लड़कियों के लिए 33% सीटें
नई नियमावली लागू होने के बाद नेतरहाट विद्यालय में छात्राओं के लिए भी प्रवेश का रास्ता खुलना है। प्रस्तावित नियमों के तहत कुल सीटों में 33 प्रतिशत सीटें बालिकाओं के लिए निर्धारित करने का प्रावधान है। नई व्यवस्था में प्रवेश परीक्षा झारखंड एकेडमिक काउंसिल यानी JAC अथवा सामान्य निकाय की ओर से चयनित किसी अन्य प्राधिकरण के माध्यम से आयोजित कराने का भी प्रावधान किया गया है। लेकिन फिलहाल नई नियमावली प्रभावी नहीं होने के कारण 2026-27 सत्र में भी केवल बालकों का ही चयन किया जाएगा।
सुप्रीम कोर्ट में सरकार की SLP खारिज
नेतरहाट विद्यालय के संचालन को लेकर झारखंड हाईकोर्ट में एक याचिका लंबित है। हाईकोर्ट ने मामले को देखते हुए एक एडहॉक कमेटी का गठन किया है, जो फिलहाल विद्यालय के संचालन से जुड़े कार्य देख रही है।
इधर, राज्य सरकार ने विद्यालय के संचालन से संबंधित हाईकोर्ट के आदेश के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में विशेष अनुमति याचिका यानी SLP दायर की थी। शीर्ष अदालत ने इस याचिका को खारिज कर दिया और हाईकोर्ट को छह महीने के भीतर संबंधित मामले का निपटारा करने का निर्देश दिया है।
24 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन
नेतरहाट विद्यालय समिति ने सत्र 2026-27 में कक्षा छह में प्रवेश के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक अभ्यर्थी 24 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। प्रवेश परीक्षा 22 नवंबर 2026 को राज्य के प्रमंडलीय मुख्यालयों में आयोजित की जाएगी। पिछले वर्ष की तरह इस बार भी प्रारंभिक और मुख्य परीक्षा एक ही दिन आयोजित होगी।
प्रारंभिक और मुख्य परीक्षा 100-100 अंकों की
प्रवेश प्रक्रिया के तहत प्रारंभिक परीक्षा और मुख्य परीक्षा दोनों 100-100 अंकों की होंगी। प्रारंभिक परीक्षा में मानसिक योग्यता, हिंदी, गणित, विज्ञान और सामान्य अध्ययन से सवाल पूछे जाएंगे। वहीं मुख्य परीक्षा में मानसिक योग्यता को छोड़कर बाकी विषयों से प्रश्न शामिल होंगे।
500 अभ्यर्थियों की कॉपी होगी जांच
प्रवेश प्रक्रिया में सबसे पहले प्रारंभिक परीक्षा का मूल्यांकन किया जाएगा। इसके आधार पर मेधा सूची तैयार होगी और इसमें चयनित 500 अभ्यर्थियों की मुख्य परीक्षा की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया जाएगा।
इसके बाद मुख्य परीक्षा के प्रदर्शन के आधार पर 150 विद्यार्थियों को शारीरिक जांच और मनोवैज्ञानिक परीक्षण के लिए चुना जाएगा।
अंतिम रूप से 100 छात्रों का चयन
शारीरिक जांच और मनोवैज्ञानिक परीक्षण के बाद अंतिम चयन सूची तैयार की जाएगी। इस प्रक्रिया के जरिए कुल 100 छात्रों को नेतरहाट आवासीय विद्यालय में कक्षा छह में नामांकन के लिए चुना जाएगा।
फिलहाल नई नियमावली के लागू होने तक विद्यालय की प्रवेश व्यवस्था में बदलाव की संभावना नहीं है। ऐसे में इस साल भी नेतरहाट में छात्राओं को प्रवेश का इंतजार करना होगा।

