रांची में बैरिकेडिंग से बिगड़ी ट्रैफिक व्यवस्था, 5 मिनट का सफर तय करने में लग रहे 45 मिनट

0
91
Share This Post

VIP सुरक्षा के लिए कांके रोड पर कई जगह रास्ते बंद, वैकल्पिक मार्गों पर बढ़ा वाहनों का दबाव; ऑफिस जाने वाले और छात्रों को हुई परेशानी

रांची। राजधानी रांची में वीआईपी सुरक्षा के लिए की गयी बैरिकेडिंग का असर शहर की यातायात व्यवस्था पर साफ दिखाई दे रहा है। कांके रोड पर कई स्थानों पर रास्तों को सीमित किए जाने के कारण गुरुवार को दिनभर ट्रैफिक प्रभावित रहा। कई प्रमुख सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी रही और लोगों को लंबे समय तक जाम में फंसे रहना पड़ा।

VIP सुरक्षा व्यवस्था के तहत राम मंदिर चौक, एलपीएन शाहदेव चौक और जाकिर हुसैन पार्क के पीछे समेत कई जगहों पर बैरिकेडिंग की गयी है। रास्ते बंद या सीमित होने के कारण आसपास के वैकल्पिक मार्गों पर वाहनों का दबाव अचानक बढ़ गया। इसका सबसे ज्यादा असर रातू रोड, कचहरी चौक, कांके रोड और मोरहाबादी की तरफ आने-जाने वाले लोगों पर पड़ा। सामान्य दिनों में जिन रास्तों को पार करने में कुछ ही मिनट लगते हैं, वहां गुरुवार को लोगों को 30 से 45 मिनट तक का समय लग गया।

सुबह से शाम तक सड़कों पर जाम

सुबह के समय ऑफिस और स्कूल-कॉलेज जाने वाले लोगों की संख्या बढ़ने के साथ ही कई इलाकों में ट्रैफिक की स्थिति और खराब हो गयी। दिनभर सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें नजर आयीं। जाम के कारण नौकरीपेशा लोगों के साथ-साथ विद्यार्थियों और आम राहगीरों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में सामान्य से कई गुना अधिक समय लगा।

रातू रोड जाने वालों को भी हुई परेशानी

राम मंदिर चौक से रातू रोड की तरफ जाने वाले वाहनों को सीमित रूट से आगे बढ़ने की अनुमति मिलने के कारण एक ही लेन पर वाहनों का दबाव बढ़ गया। धीरे-धीरे यह दबाव आसपास की सड़कों तक फैल गया और जाम की स्थिति बनती चली गयी। जाम से बचने के लिए कई वाहन चालकों ने वैकल्पिक रास्तों का सहारा लिया, लेकिन इन मार्गों पर भी वाहनों की संख्या बढ़ जाने के कारण ट्रैफिक सामान्य नहीं हो सका।

VIP सुरक्षा और आम लोगों की परेशानी

VIP सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन की ओर से बैरिकेडिंग और ट्रैफिक डायवर्जन किया गया है, लेकिन इसका सीधा असर आम लोगों की आवाजाही पर पड़ रहा है। शहरवासियों का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था जरूरी है, लेकिन इसके साथ ट्रैफिक को सुचारू रखने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था भी बेहतर तरीके से की जानी चाहिए।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here