राशन कार्डधारकों के लिए जरूरी खबर, परिवार के एक सदस्य का नाम होने पर कट सकता है पूरा कार्ड

0
42
Share This Post

आयकरदाता का नाम राशन कार्ड में मिलने पर पूरे परिवार का नाम हटाने का निर्देश; डुप्लीकेट लाभुकों के नाम भी हटेंगे, लंबित आवेदनों के निपटारे की समयसीमा तय

रांची। राशन कार्ड को लेकर लाभुकों के लिए अहम खबर सामने आई है। बुधवार को उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में आपूर्ति विभाग की योजनाओं और कार्यों की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में राशन कार्ड से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि यदि किसी राशन कार्ड में परिवार के किसी सदस्य का नाम आयकरदाता के रूप में पाया जाता है, तो पूरे परिवार का नाम राशन कार्ड से हटाया जाएगा।

इसके साथ ही राशन कार्ड में नया नाम जोड़ने और कार्ड को सक्रिय करने से संबंधित लंबित आवेदनों का भी जल्द निपटारा करने का निर्देश दिया गया है। उपायुक्त ने अधिकारियों को इन आवेदनों को एक सप्ताह के भीतर पूरा करने को कहा।

63 डुप्लीकेट लाभुकों के मामले में नाराजगी

समीक्षा बैठक के दौरान राशन कार्ड में दर्ज 63 डुप्लीकेट लाभुकों के नाम हटाने की कार्रवाई में पिछले महीने से अब तक कोई प्रगति नहीं होने पर उपायुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी डुप्लीकेट नामों को इसी महीने के भीतर हटाने की प्रक्रिया पूरी की जाए। अधिकारियों को इस मामले में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी गई।

राशन वितरण की भी हुई समीक्षा

बैठक में अगस्त 2026 के लिए पीवीटीजी परिवारों को खाद्यान्न वितरण की स्थिति की जानकारी ली गई। इसके अलावा एनएफएसए और झारखंड राज्य खाद्य सुरक्षा योजना (JSFSS) के तहत राशन वितरण, नमक और मुख्यमंत्री चना दाल वितरण योजना की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने सोना-सोबरन धोती-साड़ी योजना, PGMS पोर्टल से जुड़े मामले, ई-केवाईसी और दाल-भात केंद्रों की प्रगति की भी जानकारी दी।

खाद्यान्न वितरण में तेजी लाने का निर्देश

बैठक में बताया गया कि डाकिया योजना के तहत अगस्त महीने का खाद्यान्न वितरण पूरा हो चुका है। हालांकि, अन्य लाभुकों के बीच अब तक केवल चार प्रतिशत खाद्यान्न का वितरण हो पाया है। इस पर उपायुक्त ने सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को वितरण प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया। वहीं, गोदाम से जनवितरण प्रणाली के दुकानदारों तक खाद्यान्न पहुंचाने यानी डीएसडी व्यवस्था में देरी पर ट्रांसपोर्टरों को भी फटकार लगाई गई। एक सप्ताह के भीतर खाद्यान्न वितरण व्यवस्था को सुचारू करने का निर्देश दिया गया।

नमक और चना दाल की किट बनाकर वितरण

नमक और चना दाल के वितरण को गति देने के लिए उपायुक्त ने सभी जरूरी सामग्रियों की किट तैयार कर एक साथ वितरण करने का निर्देश दिया। इससे लाभुकों को अलग-अलग सामग्री के लिए बार-बार राशन दुकान का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा और वितरण प्रक्रिया में भी तेजी आएगी। बैठक में एडीएम एसओआर राहुल जी आनंद, जिला आपूर्ति पदाधिकारी जुल्फीकार अंसारी, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी समेत आपूर्ति विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here