स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर मोरहाबादी मैदान में फुल ड्रेस रिहर्सल, सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद

0
70
Share This Post

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन करेंगे ध्वजारोहण; 14 प्लाटून और तीन बैंड पार्टियां परेड में लेंगी हिस्सा, निजी ड्रोन पर रहेगा प्रतिबंध

रांची। स्वतंत्रता दिवस 2026 के राजकीय समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए बुधवार को रांची के मोरहाबादी मैदान में फुल ड्रेस रिहर्सल आयोजित किया गया। इस दौरान स्वतंत्रता दिवस के दिन होने वाली सभी औपचारिक गतिविधियों का पूर्वाभ्यास किया गया।

रिहर्सल की निगरानी जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री और वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने की। समारोह के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ध्वजारोहण करेंगे। रिहर्सल के दौरान राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान से जुड़े निर्धारित प्रोटोकॉल का भी पालन किया गया।

अधिकारियों ने ली परेड की सलामी

फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान डीसी मंजूनाथ भजंत्री और एसएसपी राकेश रंजन ने परेड की सलामी ली। दोनों अधिकारियों ने परेड में शामिल सभी प्लाटून का निरीक्षण किया और जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। समारोह को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग भी की गई। डीसी, एसएसपी, ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह और अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) धनंजय ने अधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियों और ड्यूटी प्वाइंट से जुड़ी जानकारी दी।

समय पर ड्यूटी स्थल पहुंचने का निर्देश

डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों को अपने कार्य और जिम्मेदारियों की पूरी जानकारी रखने का निर्देश दिया। साथ ही मुख्य अतिथियों के आगमन और प्रस्थान की व्यवस्था को समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित करने को कहा। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे निर्धारित समय पर अपने ड्यूटी स्थल पर पहुंचें और सौंपे गए दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें।

आगंतुकों की होगी सघन जांच, निजी ड्रोन पर रोक

समारोह की सुरक्षा को लेकर एसएसपी राकेश रंजन ने विशेष दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में आने वाले सभी लोगों की सघन जांच की जाएगी, ताकि कोई भी व्यक्ति आपत्तिजनक सामग्री लेकर समारोह स्थल में प्रवेश न कर सके। सुरक्षा कारणों से समारोह स्थल पर निजी ड्रोन से फोटो या वीडियो बनाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। ड्रोन के जरिए वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी की अनुमति केवल संबंधित विभाग को होगी।

14 प्लाटून और तीन बैंड पार्टियां होंगी शामिल

मोरहाबादी मैदान में होने वाली परेड में विभिन्न सुरक्षा बलों और पुलिस इकाइयों की कुल 14 प्लाटून हिस्सा लेंगी। इनमें सीआरपीएफ, आईटीबीपी, एसएसबी, सीआईएसएफ, ओडिशा पुलिस, झारखंड जगुआर, जैप-1, जैप-2, जैप-10, रांची जिला पुलिस, झारखंड गृहरक्षा वाहिनी और एनसीसी की टुकड़ियां शामिल होंगी।

सीआरपीएफ, आईटीबीपी, एसएसबी, सीआईएसएफ, ओडिशा पुलिस, झारखंड जगुआर, जैप-2 और रांची जिला पुलिस की पुरुष एवं महिला प्लाटून भी परेड का हिस्सा होंगी। इसके अलावा जैप-1, जैप-10 और झारखंड गृहरक्षा वाहिनी की प्लाटून व बैंड पार्टियां भी समारोह में शामिल होंगी। एनसीसी की गर्ल्स और बॉयज की एक-एक प्लाटून भी परेड में हिस्सा लेगी।

राघवेंद्र शर्मा होंगे फर्स्ट इन कमांड

इस साल स्वतंत्रता दिवस समारोह की परेड में फर्स्ट इन कमांड की जिम्मेदारी 2022 बैच के आईपीएस अधिकारी राघवेंद्र शर्मा संभालेंगे। वर्तमान में वह रामगढ़ जिले में पदस्थापित हैं। वहीं, सेकेंड इन कमांड की जिम्मेदारी परिचारी प्रवर द्वितीय अनिश मोमिन कुजूर को दी गई है। फुल ड्रेस रिहर्सल के साथ ही प्रशासन और पुलिस ने स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here