असम बाढ़ राहत के लिए झारखंड सरकार का बड़ा सहयोग, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दिए ₹3 करोड़

0
89
Share This Post

मुख्यमंत्री राहत कोष से असम को आर्थिक सहायता। हेमंत सोरेन ने कहा, प्राकृतिक आपदा की इस घड़ी में झारखंड असम के साथ मजबूती से खड़ा है।

रांची: असम में आई विनाशकारी बाढ़ से प्रभावित लोगों की सहायता के लिए झारखंड सरकार ने बड़ा मानवीय कदम उठाया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मुख्यमंत्री राहत कोष के माध्यम से असम सरकार को 3 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

मुख्यमंत्री ने असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा को पत्र भेजकर सहायता राशि की जानकारी दी और बाढ़ प्रभावित लोगों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा के इस कठिन समय में झारखंड सरकार और राज्य की जनता पूरी संवेदनशीलता के साथ असम के लोगों के साथ खड़ी है।

हेमंत सोरेन ने कहा कि भीषण बाढ़ के कारण असम में बड़ी संख्या में लोगों का जीवन प्रभावित हुआ है। हजारों परिवार बेघर हुए हैं और जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। ऐसे समय में एक राज्य का दूसरे राज्य की सहायता के लिए आगे आना देश की एकता और मानवीय मूल्यों का प्रतीक है।

मुख्यमंत्री ने झारखंड के सक्षम नागरिकों और सामाजिक संगठनों से भी अपील की कि वे राहत एवं पुनर्वास कार्यों में अपनी क्षमता के अनुसार सहयोग करें। उन्होंने असम के लोगों के धैर्य और साहस की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि राज्य जल्द ही इस संकट से उबरकर सामान्य स्थिति में लौटेगा।

हेमंत सोरेन ने यह भी कहा कि यदि भविष्य में असम को किसी अतिरिक्त सहायता या सहयोग की आवश्यकता होगी, तो झारखंड सरकार हरसंभव मदद के लिए तैयार रहेगी। साथ ही उन्होंने मां कामाख्या से असम के लोगों की सुरक्षा, शीघ्र राहत और सामान्य जनजीवन बहाल होने की प्रार्थना की।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here