2021 में दिवंगत शिक्षक के नाम पर एरियर बिल बनाकर तीन किश्तों में भुगतान का आरोप। जांच में बिलिंग असिस्टेंट के बैंक खाते में पैसे ट्रांसफर होने का खुलासा।

बोकारो: झारखंड के बोकारो जिले के शिक्षा विभाग में करोड़ों नहीं, लेकिन लाखों रुपये के एक गंभीर वेतन घोटाले का मामला सामने आया है। विभागीय जांच में खुलासा हुआ है कि वर्ष 2021 में दिवंगत हो चुके एक शिक्षक के नाम पर एरियर बिल तैयार कर 14.65 लाख रुपये का भुगतान कथित रूप से एक बिलिंग असिस्टेंट के बैंक खाते में ट्रांसफर कर दिया गया।प्रारंभिक जांच के अनुसार, पेटरवार प्रखंड के मध्य विद्यालय सदमाकला के शिक्षक संतोष कुमार शर्मा का निधन 14 अगस्त 2021 को हो गया था। इसके बावजूद उनके नाम पर जुलाई 2007 से जून 2024 तक की अंतर वेतन वृद्धि (एरियर) की गणना करते हुए तीन अलग-अलग बिल तैयार किए गए।
जांच में सामने आया कि बिल संख्या 77/2024-25 के माध्यम से ही 4,31,852 रुपये की निकासी की गई। हैरानी की बात यह है कि शिक्षक की मृत्यु के लगभग दो वर्ष 10 माह बाद की अवधि को भी वेतन वृद्धि की गणना में शामिल किया गया, जिसे जांच टीम ने गंभीर वित्तीय अनियमितता माना है।जांच रिपोर्ट के अनुसार, पूरी प्रक्रिया सुनियोजित तरीके से अंजाम दी गई और भुगतान की राशि कथित रूप से संबंधित बिलिंग असिस्टेंट के बैंक खाते में ट्रांसफर हुई। मामले के सामने आने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है।
फिलहाल विभागीय स्तर पर मामले की विस्तृत जांच जारी है। दोषियों की पहचान होने के बाद उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि पूरे भुगतान रिकॉर्ड, बिलों और बैंक लेनदेन की गहन जांच की जा रही है, ताकि इस वित्तीय अनियमितता में शामिल सभी लोगों की जिम्मेदारी तय की जा सके।

