राष्ट्रीय मत्स्य कृषक दिवस: झारखंड में मछली पालन को बढ़ावा, किसानों को आधुनिक तकनीक, सम्मान और अनुदान की जानकारी

0
84
Share This Post

रांची के शालीमार स्थित मत्स्य किसान प्रशिक्षण केन्द्र में हुआ राज्यस्तरीय आयोजन, सभी जिलों के किसान ऑनलाइन जुड़े

रांची: राष्ट्रीय मत्स्य कृषक दिवस के अवसर पर शुक्रवार, 10 जुलाई 2026 को कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग, झारखंड सरकार के मत्स्य निदेशालय की ओर से शालीमार, रांची स्थित मत्स्य किसान प्रशिक्षण केन्द्र में राज्यस्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में राज्य के सभी जिला मुख्यालय ऑनलाइन माध्यम से जुड़े।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और भारत में प्रेरित प्रजनन (Induced Breeding) के जनक डॉ. हीरालाल चौधरी को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। उप मत्स्य निदेशक शंभू प्रसाद यादव ने राष्ट्रीय मत्स्य कृषक दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला।

मत्स्य निदेशक अमरेन्द्र कुमार ने कहा कि झारखंड को मत्स्य उत्पादन के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने और नीली क्रांति को नई गति देने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। वहीं विभाग के वरिष्ठ एवं सेवानिवृत्त अधिकारियों ने किसानों को आधुनिक मत्स्य पालन तकनीकों की जानकारी दी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग के उपसचिव राजीव रंजन तिवारी ने युवाओं और किसानों से मछली पालन को रोजगार के रूप में अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार इस क्षेत्र में व्यवसाय शुरू करने और विस्तार देने के लिए विभिन्न योजनाओं के तहत अनुदान (सब्सिडी) उपलब्ध करा रही है।

इस अवसर पर लातेहार की प्रगतिशील महिला मत्स्य कृषक आलदेह टोप्पो, कोडरमा के सिकंदर कुमार सहित कई सफल किसानों ने अपने अनुभव साझा किए। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मत्स्य किसानों को सम्मानित किया गया तथा उन्हें विभिन्न परिसंपत्तियों का वितरण भी किया गया।

कार्यक्रम के दौरान किसानों के लिए हेल्थ कैंप, NFDP रजिस्ट्रेशन कैंप तथा बैंकिंग जागरूकता सत्र का भी आयोजन किया गया। झारखंड स्टेट को-ऑपरेटिव बैंक के अधिकारियों ने ऋण, माइक्रो एटीएम, बीमा और सहकारी योजनाओं की जानकारी दी।

समापन पर परिसर में कल्पतरु वृक्ष का पौधारोपण किया गया और हैचरी में Induced Breeding का लाइव प्रदर्शन कर किसानों को आधुनिक तकनीकों से अवगत कराया गया।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here