साहिबगंज और संथाल परगना के रेल यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। कोलकाता में पूर्वी रेलवे के महाप्रबंधक की अध्यक्षता में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में साहिबगंज से जुड़ी कई महत्वपूर्ण रेल परियोजनाओं और यात्री सुविधाओं को आगे बढ़ाने पर सकारात्मक सहमति बनी।

बैठक में साहिबगंज के पश्चिमी और पूर्वी रेलवे फाटक पर रोड ओवर ब्रिज (ROB) के निर्माण, 24 कोच क्षमता वाले आधुनिक वाशिंग पिट की स्थापना, साहिबगंज–हावड़ा इंटरसिटी एक्सप्रेस में एसी-3 कोच जोड़ने, वनांचल एक्सप्रेस में फर्स्ट क्लास कोच उपलब्ध कराने तथा भागलपुर–मुजफ्फरपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस का विस्तार साहिबगंज तक करने जैसे प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा हुई।
इन परियोजनाओं के लागू होने के बाद साहिबगंज समेत पूरे संथाल परगना के लाखों यात्रियों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है। रोड ओवर ब्रिज बनने से रेलवे फाटकों पर लगने वाले लंबे जाम से राहत मिलेगी। वहीं आधुनिक वाशिंग पिट बनने से भविष्य में नई ट्रेनों के संचालन और रेल सेवाओं के विस्तार का रास्ता भी आसान होगा। नई कोच सुविधाओं से यात्रियों की यात्रा अधिक आरामदायक बनेगी, जबकि भागलपुर–मुजफ्फरपुर इंटरसिटी के साहिबगंज तक विस्तार से उत्तर बिहार और संथाल परगना के बीच रेल संपर्क और मजबूत होगा।
जेएमएम के केंद्रीय प्रवक्ता पंकज मिश्रा ने कहा कि साहिबगंज के रेल विकास को प्राथमिकता दी जा रही है और वर्षों से लंबित परियोजनाओं को जल्द पूरा कराने के लिए रेलवे के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है। उन्होंने भरोसा जताया कि इन योजनाओं के धरातल पर उतरने से न केवल यात्रियों को आधुनिक और बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि व्यापार, पर्यटन और क्षेत्रीय आर्थिक विकास को भी नई गति मिलेगी।

