चाकुलिया में गजराज का आतंक जारी, तीन दिन से राइस मिल में मचा रहे उत्पात, रेलवे ट्रैक भी दो बार किया पार

0
63
Share This Post

hakulia Elephant Attack: चाकुलिया में जंगली हाथियों का आतंक जारी है। लगातार तीसरे दिन हाथी राइस मिल में घुसा, जबकि 22 हाथियों का झुंड एक ही रात में दो बार रेलवे ट्रैक पार करता देखा गया।

चाकुलिया (पूर्वी सिंहभूम): पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया क्षेत्र में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। रविवार शाम एक बार फिर चौठिया के पास स्थित श्री राज उद्योग राइस मिल में एक जंगली हाथी घुस गया। पिछले तीन दिनों से लगातार हाथियों के राइस मिल में घुसने की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे स्थानीय लोगों और कारोबारियों में दहशत का माहौल है।

राइस मिल में मचाया उत्पात

रविवार को राइस मिल में घुसे हाथी ने वहां रखे भूसे और धान के बोरों को फाड़कर खाया और काफी नुकसान पहुंचाया। करीब एक घंटे तक हाथी मिल परिसर में ही मौजूद रहा। इस दौरान हाथी को देखने के लिए लोगों की भीड़ जुट गई, जबकि मिल में काम कर रहे मजदूर और ट्रक चालक जान बचाकर मौके से भाग निकले। बाद में हाथी मिल की पिछली ओर टूटी दीवार के पास लगी टीन हटाकर जंगल की ओर लौट गया।

व्यवसाय पर पड़ रहा असर

श्री राज उद्योग के संचालक सुभाष लोधा ने बताया कि लगातार हाथियों के घुसने से कारोबार बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि कई प्रयासों के बावजूद जंगली हाथियों की समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है।

रेलवे ट्रैक दो बार पार कर बढ़ाई चिंता

शनिवार रात करीब 22 जंगली हाथियों का झुंड, जिसमें 8 से 10 शावक भी शामिल थे, दो बार रेलवे ट्रैक पार करता देखा गया। यह रेलवे लाइन हावड़ा-मुंबई मुख्य रेल मार्ग का हिस्सा है, जहां रातभर कई एक्सप्रेस और मालगाड़ियां गुजरती हैं। समय रहते कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ, लेकिन घटना ने वन विभाग और रेलवे प्रशासन की चिंता बढ़ा दी।

सीसीटीवी में कैद हुई हाथियों की गतिविधि

रेलवे ट्रैक पार करने के बाद हाथियों का झुंड चाकुलिया-अमलागोड़ा मार्ग स्थित गांगुली लकड़ी मिल परिसर में भी पहुंचा। हाथियों की पूरी गतिविधि वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। वन विभाग पूरे इलाके में हाथियों की निगरानी कर रहा है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here