रांची: झारखंड सरकार ने राज्य के वरिष्ठ, गंभीर रूप से अस्वस्थ और स्थायी रूप से दिव्यांग कलाकारों के सम्मान एवं आर्थिक सहयोग के लिए एक महत्वपूर्ण पहल की है। सांस्कृतिक कार्य निदेशालय, झारखंड सरकार ने मासिक निवृत्तिका योजना के तहत पात्र कलाकारों से आवेदन आमंत्रित किए हैं। इस योजना का उद्देश्य उन कलाकारों को आर्थिक संबल प्रदान करना है, जिन्होंने वर्षों तक कला और संस्कृति के क्षेत्र में योगदान दिया है, लेकिन वर्तमान में उम्र, बीमारी या दिव्यांगता के कारण आर्थिक कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं।

कौन कर सकता है आवेदन?
इस योजना के तहत राज्य के ऐसे कलाकार आवेदन कर सकते हैं, जो:
- वरिष्ठ नागरिक हों, या
- गंभीर रूप से अस्वस्थ हों, या
- स्थायी रूप से दिव्यांग हों।
ऐसे करें आवेदन
सांस्कृतिक कार्य निदेशालय द्वारा जारी पोस्टर पर दिए गए QR Code को स्कैन कर आवेदन पत्र डाउनलोड किया जा सकता है। आवेदन पत्र भरने के बाद निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समय सीमा के भीतर जमा करना होगा।
आवेदन की अंतिम तिथि
योजना के लिए आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। विभाग ने पात्र कलाकारों से समय रहते आवेदन करने की अपील की है।
कलाकारों तक पहुंचाएं जानकारी
झारखंड सरकार ने लोगों से भी अपील की है कि यदि उनके आसपास कोई वरिष्ठ, गंभीर रूप से बीमार या स्थायी रूप से दिव्यांग कलाकार इस योजना के पात्र हैं, तो उन्हें इसकी जानकारी अवश्य दें, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद कलाकार इस योजना का लाभ उठा सकें। सरकार का मानना है कि यह पहल राज्य के कलाकारों के सम्मान, सामाजिक सुरक्षा और बेहतर भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

