Ranchi JSSC ने 455 पदों पर आशुलिपिक भर्ती रद्द की
झारखंड के लाखों बेरोजगार युवाओं और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए एक मायूस करने वाली खबर सामने आई है। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (Ranchi JSSC) ने ‘झारखंड सचिवालय आशुलिपिक प्रतियोगिता परीक्षा-2024’ (विज्ञापन संख्या 24/2024 और 25/2024) को पूरी तरह से रद्द कर दिया है।
इस भर्ती के माध्यम से राज्य सचिवालय के विभिन्न विभागों में 455 रिक्त पदों पर योग्य आशुलिपिकों (स्टेनोग्राफर्स) की सीधी नियुक्ति की जानी थी। इसके लिए राज्य भर से बड़ी संख्या में युवाओं ने ऑनलाइन आवेदन फॉर्म भरे थे।
5 साल से अधर में लटकी है आशुलिपिकों की भर्ती
Ranchi JSSC के इस फैसले से अभ्यर्थियों का दुख इसलिए भी अधिक है क्योंकि यह पहली बार नहीं है जब उनके सपनों पर पानी फिरा है। झारखंड सचिवालय आशुलिपिक भर्ती 2022 की प्रक्रिया पिछले पांच वर्षों से अधर में लटकी हुई है।
- 28 जून 2022: 452 पदों पर भर्ती निकाली गई।
- 14-18 दिसंबर 2022: कौशल परीक्षा हुई।
- 16 दिसंबर 2022: उच्च न्यायालय के आदेश के बाद भर्ती निरस्त कर दी गई।
इसके बाद, 14 अगस्त 2024 को इस भर्ती से संबंधित नया विज्ञापन जारी किया गया और अभ्यर्थियों से दोबारा परीक्षा शुल्क लिया गया। Ranchi JSSC ने परीक्षा कैलेंडर भी जारी किया, लेकिन परीक्षा नहीं हुई।
आखिर क्यों रद्द हुई Ranchi JSSC की यह भर्ती?
Ranchi JSSC की ओर से जारी आधिकारिक सूचना में परीक्षा रद्द किए जाने के तकनीकी और प्रशासनिक कारणों का स्पष्ट उल्लेख किया गया है। आयोग के अनुसार, राज्य के कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग ने अपने पत्र (दिनांक 23 जून 2026) के माध्यम से इस बहाली के लिए भेजी गई अपनी पूर्व अधियाचना (रिक्विजिशन) को ही वापस ले लिया है।
चूंकि मुख्य विभाग ने ही रिक्तियों की मांग को वापस ले लिया, इसी वजह से Ranchi JSSC को विवश होकर झारखंड सचिवालय आशुलिपिक प्रतियोगिता परीक्षा की पूरी कानूनी और प्रशासनिक प्रक्रिया को बीच में ही रद्द करने का निर्णय लेना पड़ा।
अभ्यर्थियों का दर्द: समय, पैसा और मेहनत बेकार
Ranchi JSSC के इस फैसले ने हजारों अभ्यर्थियों को गहरा धक्का दिया है। एक आवेदन देने वाले विद्यार्थी ने कहा कि “हमें दो साल तक अंधेरे में रखा गया और बाद में विज्ञापन ही वापस कर लिया गया। इससे पहले भी ऐसा हो चुका है और परीक्षा आयोजित नहीं हुई”।
अभ्यर्थियों का तर्क है कि Ranchi JSSC की ओर से की गयी प्रक्रिया और बाद में इसे रद कर देने के बाद उनका काम तो समाप्त हो गया, लेकिन इस सारी प्रक्रिया में हमारा भविष्य अधर में लटक गया। परीक्षा प्रक्रिया ऐन वक्त पर रद्द होने से छात्रों के समय, पैसे और मेहनत पर एक बार फिर पानी फिर गया है, जिससे छात्र संगठन अब इस फैसले को लेकर सरकार की नीति पर सवाल उठा रहे हैं।


