
नई दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने 6 जून को प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन के संबंध में अपनी पहली आधिकारिक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित करने की घोषणा की है। पार्टी की ओर से जारी जानकारी के अनुसार यह प्रेस कॉन्फ्रेंस बुधवार शाम 5:15 बजे नई दिल्ली स्थित कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में आयोजित होगी।
सीजेपी द्वारा जारी बयान में मीडिया प्रतिनिधियों को प्रेस कॉन्फ्रेंस में आमंत्रित करते हुए कहा गया है कि पार्टी के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास तथा प्रवक्ता विजेता दहिया और आशुतोष रांका इस अवसर पर मीडिया को संबोधित करेंगे। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान 6 जून को प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन की रूपरेखा, उद्देश्य और उससे जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी साझा की जाएगी।
गौरतलब है कि पार्टी ने बुधवार को ही अपने प्रवक्ताओं के नामों की औपचारिक घोषणा की है। खोजी पत्रकार सौरव दास को मुख्य प्रवक्ता नियुक्त किया गया है, जबकि लेखक एवं फिल्म निर्माता विजेता दहिया तथा आईआईटी कानपुर के पूर्व छात्र आशुतोष रांका को पार्टी का प्रवक्ता बनाया गया है।
अब सभी की नजरें 6 जून को प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन और उससे पहले होने वाली इस प्रेस कॉन्फ्रेंस पर टिकी हैं, जहां पार्टी अपने आगामी कार्यक्रमों और रणनीति को लेकर विस्तार से जानकारी दे सकती है।


