
छठ महापर्व को लेकर रांची नगर निगम की तैयारी तेज, 72 घाटों पर 1200 से अधिक सफाईकर्मी तैनात

Ranchi: लोक आस्था के महापर्व छठ को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए रांची नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। राज्य सरकार के दिशा-निर्देशों के तहत शहर के सभी छठ घाटों पर साफ-सफाई, रोशनी, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं।
72 छठ घाटों पर 1200 से अधिक सफाईकर्मी तैनात
नगर निगम की ओर से शहर के 72 छठ घाटों पर 1200 से अधिक सफाई मित्रों को लगाया गया है। इसके अलावा मुख्यमंत्री श्रमिक योजना के तहत 200 अतिरिक्त श्रमिकों की भी तैनाती की गई है, ताकि घाटों और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त रखी जा सके। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 63 कृत्रिम छठ घाट भी तैयार किए गए हैं।
व्रतियों के लिए 501 अस्थायी चेंजिंग रूम
छठव्रतियों की सुविधा और निजता को ध्यान में रखते हुए शहर में 501 अस्थायी चेंजिंग रूम बनाए गए हैं। वहीं, सभी 72 छठ घाटों पर विशेष बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है। जलाशयों में अधिक गहराई वाले स्थानों को चिह्नित करते हुए 260 से अधिक चेतावनी बैनर लगाए गए हैं, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।
83 स्थानों पर 1508 अतिरिक्त लाइट की व्यवस्था
घाटों और आसपास के इलाकों में बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए 83 स्थलों पर 1508 अतिरिक्त लाइट लगाई जा रही हैं। इसके साथ ही बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में निर्बाध रोशनी बनाए रखने के लिए 88 जनरेटर की भी व्यवस्था की जा रही है।
स्वच्छ और सुरक्षित छठ आयोजन पर जोर
रांची नगर निगम का लक्ष्य छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं को स्वच्छ घाट, सुरक्षित जलाशय और बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। निगम प्रशासन ने सभी तैयारियों को समय पर पूरा करने की दिशा में काम तेज कर दिया है, ताकि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के लोक आस्था का महापर्व मना सकें।




