
रांची रेलवे स्टेशन पर लगेगी डिजिटल सांकेतिक भाषा सूचना प्रणाली, दिव्यांग यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत
रांची: रेलवे स्टेशन पर दिव्यांग यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में रांची रेल मंडल एक महत्वपूर्ण पहल करने जा रहा है। रांची रेलवे स्टेशन पर जल्द ही डिजिटल सांकेतिक भाषा सूचना प्रणाली (डीएसएलआईएस) स्थापित की जाएगी। इस आधुनिक तकनीक के शुरू होने से सुनने में अक्षम यात्रियों को ट्रेनों के आगमन, प्रस्थान और अन्य महत्वपूर्ण रेलवे घोषणाओं की जानकारी आसानी से मिल सकेगी।
स्क्रीन पर डिजिटल अवतार देगा सांकेतिक भाषा में जानकारी
इस कंप्यूटर आधारित प्रणाली के तहत स्टेशन पर लगाई गई स्क्रीन पर एक डिजिटल अवतार दिखाई देगा। यह अवतार स्टेशन पर होने वाली घोषणाओं को उसी समय सांकेतिक भाषा में प्रदर्शित करेगा। इससे सुनने में अक्षम यात्रियों को रेलवे की सूचनाएं समझने के लिए दूसरे लोगों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में मिलेगी सुविधा
डिजिटल सांकेतिक भाषा सूचना प्रणाली हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में काम करेगी। इसमें विभिन्न रेलवे स्टेशनों के नाम और रेलवे से संबंधित सामान्य शब्दों के लिए सांकेतिक भाषा का विशेष शब्दकोश उपलब्ध रहेगा। इसके अलावा, किसी विशेष परिस्थिति में की जाने वाली घोषणाओं के लिखित संदेशों को भी सांकेतिक भाषा में परिवर्तित किया जा सकेगा।
रेलवे को अधिक समावेशी बनाने की पहल
रांची रेल मंडल की यह पहल रेलवे स्टेशन को दिव्यांगजनों के लिए अधिक सुगम, सुविधाजनक और समावेशी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इस व्यवस्था से सुनने में अक्षम यात्री स्वतंत्र रूप से रेलवे की महत्वपूर्ण सूचनाएं समझ सकेंगे और उन्हें यात्रा के दौरान होने वाली घोषणाओं की जानकारी प्राप्त करने में सहूलियत होगी।




