
कुत्ते को लेकर विवाद में टेक महिंद्रा के एशिया हेड की गोली मारकर हत्या, सिंगापुर से लौटे थे परमजीत
फरीदाबाद: हरियाणा के फरीदाबाद में कुत्ते को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी वारदात में बदल गया। सेक्टर-21C में शुक्रवार रात एक व्यक्ति ने मकान की पहली मंजिल पर रहने वाले युवक को गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान परमजीत के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह टेक महिंद्रा कंपनी में एशिया हेड के पद पर कार्यरत थे।
सिंगापुर से लौटने के अगले दिन हुई वारदात
जानकारी के अनुसार, परमजीत गुरुवार को ही सिंगापुर से भारत लौटे थे। इसके अगले दिन शुक्रवार रात उनके साथ यह वारदात हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
कुत्ते को पार्किंग में घुमाने को लेकर था विवाद
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इसी मकान की तीसरी मंजिल पर मोहित उर्फ मोनू शर्मा रहता है। बताया जा रहा है कि मोनू अक्सर अपने कुत्ते को पार्किंग में घुमाने के लिए ले जाता था। इस बात का परमजीत विरोध करते थे। इसी मुद्दे को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था।
गोली मारकर की गई हत्या, जांच में जुटी पुलिस
शुक्रवार रात विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और परमजीत को गोली मार दी गई। उनकी मौत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वारदात के पीछे कुत्ते को लेकर चल रहा विवाद ही मुख्य वजह था या इसके अन्य कारण भी हैं, इसका पता पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा।




