
IIT ISM में आठवीं मंजिल से गिरकर छात्र की मौत, अंतिम वर्ष में कर रहा था पढ़ाई

धनबाद: धनबाद स्थित प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान आईआईटी आईएसएम में शनिवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। संस्थान की आठवीं मंजिल से गिरने के बाद 25 वर्षीय छात्र की मौत हो गई। घटना सुबह करीब 7:30 बजे की बताई जा रही है। छात्र की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
महाराष्ट्र का रहने वाला था मृत छात्र
मृत छात्र की पहचान महाराष्ट्र के अहमदनगर निवासी माने राज कुमार प्रतीक के रूप में हुई है। वह आईआईटी आईएसएम में पेट्रोलियम इंजीनियरिंग के अंतिम वर्ष का छात्र था। घटना के बाद संस्थान में शोक का माहौल है।
एक्वामरीन बिल्डिंग में हुई घटना
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना संस्थान की एक्वामरीन बिल्डिंग में हुई। छात्र के आठवीं मंजिल से गिरने की सूचना मिलने के बाद संस्थान प्रशासन को जानकारी दी गई। इसके बाद उसे तत्काल इलाज के लिए अशर्फी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
दुर्घटना या आत्महत्या, जांच में जुटा प्रशासन
आईआईटी आईएसएम के चीफ सिक्योरिटी ऑफिसर राम मनोहर ने बताया कि घटना दुर्घटना है या आत्महत्या, इसकी जांच की जा रही है। फिलहाल छात्र की मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़ी परिस्थितियों का पता चल सकेगा।
परिजनों को दी गई सूचना, धनबाद पहुंच रहा परिवार
घटना की जानकारी छात्र के परिजनों को दे दी गई है। बताया जा रहा है कि परिवार के सदस्य धनबाद के लिए रवाना हो चुके हैं। वहीं, छात्र के शव को फिलहाल अशर्फी अस्पताल के शवगृह में रखा गया है।




