
टीवी चैनलों को केंद्र की सख्त एडवाइजरी: आतंकी ऑपरेशन का लाइव प्रसारण नहीं, AI सामग्री पर भी सावधानी
Centre Issues Advisory to TV Channels: No Live Terror Coverage, Caution Urged on AI Content
नई दिल्ली: सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने निजी सैटेलाइट टीवी चैनलों को कार्यक्रम संहिता का कड़ाई से पालन करने की सलाह दी है। मंत्रालय ने कहा है कि खबरों और कार्यक्रमों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल सावधानी से किया जाए। AI टूल्स का उपयोग सहायक भूमिका तक सीमित रखने और खबरों की सटीकता, विश्वसनीयता तथा संवेदनशीलता बनाए रखने को कहा गया है।
मंत्रालय की एडवाइजरी में आतंकरोधी अभियानों का लाइव प्रसारण नहीं करने की हिदायत दी गई है। अभियान समाप्त होने तक कवरेज को अधिकृत अधिकारी की नियमित ब्रीफिंग तक सीमित रखने को कहा गया है। अपराध, हिंसा, आपदा और बड़ी दुर्घटनाओं की रिपोर्टिंग में तथ्यों की पुष्टि, संवेदनशीलता और सावधानी बरतने की सलाह भी दी गई है।
टीवी चैनलों को प्रसारण में भारत के केवल सर्वे ऑफ इंडिया द्वारा प्रकाशित प्रामाणिक नक्शों का इस्तेमाल करने को कहा गया है। लाइव डिबेट और पैनल चर्चाओं में सांप्रदायिक या राष्ट्र-विरोधी विचारों को बढ़ावा देने से रोकने के लिए प्रतिभागियों के चयन और संपादकीय नियंत्रण पर जोर दिया गया है। आपत्तिजनक या भड़काऊ सामग्री प्रसारित होने की स्थिति में म्यूट, डिस्क्लेमर या फीड रोकने जैसे त्वरित कदम उठाने की सलाह दी गई है।
मंत्रालय ने यह एडवाइजरी कार्यक्रम संहिता के कथित उल्लंघनों और कई चैनलों पर एक जैसे विषयों से जुड़ी समान खबरें व दृश्य प्रसारित किए जाने पर चिंता के बाद जारी की है। नियमों का उल्लंघन होने पर केबल टेलीविजन नेटवर्क (विनियमन) अधिनियम, 1995 और संबंधित नियमों के तहत कार्रवाई हो सकती है।




