
कृषक पाठशालाओं के जरिए बढ़ेगा आधार बीज उत्पादन, प्रजनक बीजों के आवंटन और दर पर हुई बैठक
Jharkhand Reviews Breeder Seed Allocation for Foundation Seed Production in 2026–27
कृषक पाठशालाओं को मिलेगा प्रजनक बीज, उत्पादन की होगी नियमित निगरानी
रांची, 16 अक्टूबर 2026: वित्तीय वर्ष 2026–27 में कृषक पाठशालाओं के माध्यम से प्रजनक बीज से आधार बीज उत्पादन को लेकर शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कृषि निदेशक श्री बिद्यानंद पंकज (I.A.S.) कृषि-सह-प्रबंध निदेशक, झारखंड राज्य कृषि विकास निगम ने की। इसमें कृषक पाठशालाओं को आवंटित किए जाने वाले प्रजनक बीजों की मात्रा और दर के संबंध में जानकारी दी गई।
बैठक में गुमला, रांची, पूर्वी सिंहभूम, पलामू, धनबाद, बोकारो और हजारीबाग के जिला कृषि पदाधिकारी, कृषक पाठशालाओं के परियोजना प्रबंधन एवं सचिव तथा झारखंड राज्य कृषि विकास निगम के पदाधिकारी शामिल हुए।
बैठक में निर्देश दिया गया कि सभी जिलों में आधार बीज उत्पादन की प्रक्रिया का नियमित और गहन निरीक्षण किया जाए। किसानों को आवश्यक तकनीकी जानकारी उपलब्ध कराने के लिए कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों और आत्मा कर्मियों का सहयोग लिया जाए। बीज उत्पादन से जुड़ी जरूरत के अनुसार कृषक पाठशालाओं को प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
अधिकारियों को बीज उत्पादन का कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा कराने और संबंधित जिला कृषि पदाधिकारियों को समय पर सूचना देने का निर्देश दिया गया। इस पहल का उद्देश्य किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज उत्पादन के लिए प्रोत्साहित करना और कृषि उत्पादन को बेहतर बनाने में सहयोग करना है।




