
Petrol Diesel Price Hike: पेट्रोल 5 रुपये और डीजल 3 रुपये महंगा, नायरा एनर्जी ने बढ़ाए दाम; नई कीमतें लागू
नायरा एनर्जी के देशभर में 7,108 फ्यूल स्टेशनों पर शनिवार सुबह से बढ़ी हुई दरें लागू हो गई हैं। अंतरराष्ट्रीय कच्चे तेल और रिफाइंड पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों में बढ़ोतरी को वजह बताया गया है।

नई दिल्ली। पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर वाहन चालकों के लिए बड़ी खबर है। निजी क्षेत्र की प्रमुख फ्यूल रिटेल कंपनी नायरा एनर्जी ने पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ा दिए हैं। कंपनी ने पेट्रोल की कीमत में 5 रुपये प्रति लीटर, जबकि डीजल में 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है।
कंपनी की ओर से बढ़ाई गई नई दरें शनिवार सुबह से तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई हैं। बताया जा रहा है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और रिफाइंड पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों में बढ़ोतरी के चलते कंपनी ने यह फैसला लिया है।
नायरा के सभी पंपों पर नई दरें लागू
जानकारी के मुताबिक, नायरा एनर्जी के देशभर में मौजूद करीब 7,108 फ्यूल स्टेशनों पर बढ़ी हुई कीमतें लागू हो गई हैं। वैश्विक स्तर पर ऊर्जा की कीमतों में बढ़ोतरी के कारण फ्यूल रिटेल कंपनियों पर लागत का दबाव बढ़ा है। इसी के बीच नायरा ने पेट्रोल और डीजल के दाम में यह बदलाव किया है।
हालांकि, अन्य सरकारी तेल विपणन कंपनियों ने फिलहाल पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बढ़ोतरी नहीं की है।
मार्च में भी बढ़ाए गए थे दाम
नायरा एनर्जी इससे पहले भी इस साल पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी कर चुकी है। मार्च में ईरान संघर्ष के चलते ऊर्जा आपूर्ति को लेकर चिंताएं बढ़ी थीं और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी देखने को मिली थी।
इसी दौरान 26 मार्च को नायरा ने पेट्रोल 5 रुपये और डीजल 3 रुपये प्रति लीटर महंगा किया था। बाद में कंपनी ने इस बढ़ोतरी को वापस ले लिया था।
जुलाई में घटाए थे पेट्रोल-डीजल के दाम
पश्चिम एशिया में तनाव कम होने और अंतरराष्ट्रीय कच्चे तेल की कीमतों में नरमी आने के बाद नायरा ने जुलाई में उपभोक्ताओं को राहत दी थी। कंपनी ने 1 जुलाई को पेट्रोल और डीजल दोनों के दाम में 5 रुपये और 3 रुपये प्रति लीटर की कटौती की थी।
अब एक बार फिर कंपनी ने पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी की है। ऐसे में नायरा के पंप से ईंधन भरवाने वाले ग्राहकों को पहले की तुलना में ज्यादा कीमत चुकानी होगी।




