कुल क्रेडिट कार्ड की संख्या 12.29 करोड़ पहुंची, जुलाई में 60.53 करोड़ लेनदेन; छोटे-छोटे भुगतान में भी बढ़ा कार्ड का इस्तेमाल

नयी दिल्ली। देश में क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल लगातार बढ़ रहा है। अब क्रेडिट कार्ड सिर्फ बड़ी खरीदारी तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि लोग इसका इस्तेमाल रोजमर्रा के खर्च, बिल भुगतान, ऑनलाइन शॉपिंग, भोजन और यात्रा जैसी जरूरतों के लिए भी कर रहे हैं। जुलाई 2026 में क्रेडिट कार्ड की संख्या और इसके जरिए होने वाले खर्च में बढ़ोतरी दर्ज की गयी।
आरबीआई के आंकड़ों के मुताबिक, जुलाई में बैंकों ने करीब 12.6 लाख नए क्रेडिट कार्ड जारी किए। इसके साथ देश में कुल क्रेडिट कार्ड की संख्या बढ़कर 12.29 करोड़ हो गयी।
वहीं, जुलाई में क्रेडिट कार्ड के जरिए कुल ₹2.08 लाख करोड़ का खर्च हुआ। यह लगातार तीसरा महीना है, जब मासिक क्रेडिट कार्ड खर्च दो लाख करोड़ रुपये के पार रहा। सालाना आधार पर कुल कार्ड खर्च में करीब 7.4 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है।
छोटे-छोटे भुगतान के लिए भी कार्ड का बढ़ा इस्तेमाल
आंकड़ों से यह संकेत मिलता है कि क्रेडिट कार्ड अब केवल महंगे सामान खरीदने का माध्यम नहीं रह गया है। जुलाई में करीब 60.53 करोड़ लेनदेन क्रेडिट कार्ड से हुए, जो पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले लगभग 24.5 फीसदी अधिक है।
हालांकि, इस दौरान औसत ट्रांजैक्शन वैल्यू में कमी आयी। एक लेनदेन पर औसतन करीब ₹3,440 खर्च हुए। यानी लोग पहले की तुलना में कम राशि के भुगतान के लिए भी क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल कर रहे हैं।
HDFC Bank सबसे आगे
बैंकों के बीच क्रेडिट कार्ड खर्च के मामले में HDFC Bank सबसे आगे रहा। जुलाई में उसके क्रेडिट कार्ड से करीब ₹60,217.54 करोड़ का खर्च हुआ। सालाना आधार पर इसमें करीब 11.93 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गयी।
वहीं SBI Card के जरिए जुलाई में करीब ₹39,591.76 करोड़ खर्च हुए, जो पिछले साल की तुलना में 21.6 फीसदी अधिक है।
ICICI Bank के कार्ड से करीब ₹34,025.27 करोड़ का खर्च हुआ, जबकि Axis Bank के कार्ड से करीब ₹23,824.7 करोड़ खर्च किए गये।
सरकारी बैंकों के कार्ड खर्च में भी तेजी
क्रेडिट कार्ड के इस्तेमाल में सरकारी बैंकों की हिस्सेदारी भी बढ़ी है। जुलाई में सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के कार्ड से करीब ₹46,159 करोड़ का खर्च हुआ। सालाना आधार पर इसमें लगभग 22 फीसदी की वृद्धि हुई।
कुल क्रेडिट कार्ड इंडस्ट्री के खर्च में सरकारी बैंकों की हिस्सेदारी करीब 22.2 फीसदी रही। दूसरी ओर, निजी क्षेत्र के बैंकों का कुल कार्ड खर्च लगभग ₹1.50 लाख करोड़ रहा।
विदेशी बैंकों के क्रेडिट कार्ड घटे
इस बढ़ते बाजार के बीच विदेशी बैंकों को कुछ नुकसान उठाना पड़ा है। जनवरी से जुलाई 2026 के दौरान विदेशी बैंकों के क्रेडिट कार्ड की संख्या करीब 12 लाख घटकर 42.4 लाख रह गयी। हालांकि, जुलाई में विदेशी बैंकों के कार्ड से होने वाला खर्च बढ़कर करीब ₹9,000 करोड़ पहुंच गया।
त्योहारी सीजन में और बढ़ सकता है इस्तेमाल
क्रेडिट कार्ड के इस्तेमाल में लगातार हो रही बढ़ोतरी को देखते हुए आने वाले त्योहारी सीजन में इसके और बढ़ने की संभावना है। ऑनलाइन शॉपिंग, फेस्टिव सेल, यात्रा और बड़े खर्च पर मिलने वाले ऑफर लोगों को क्रेडिट कार्ड इस्तेमाल करने के लिए आकर्षित कर रहे हैं।
Credit Card से स्मार्ट यूजर्स कैसे बचाते हैं पैसे?
क्रेडिट कार्ड का सही तरीके से इस्तेमाल करने पर ग्राहक कई तरह के फायदे उठा सकते हैं।
- Cashback: खरीदारी या बिल भुगतान पर खर्च का कुछ हिस्सा वापस मिल सकता है।
- Reward Points: कार्ड से भुगतान करने पर मिले पॉइंट्स को बाद में रिडीम किया जा सकता है।
- Discounts: ऑनलाइन शॉपिंग और विशेष सेल के दौरान अतिरिक्त छूट मिल सकती है।
- Fuel Benefits: कुछ कार्ड पर फ्यूल खरीदारी के दौरान सरचार्ज छूट या रिवॉर्ड मिलता है।
- Travel Benefits: कुछ कार्ड एयरपोर्ट लाउंज, होटल और यात्रा बुकिंग जैसी सुविधाएं देते हैं।
हालांकि, इन फायदों के साथ समय पर क्रेडिट कार्ड बिल चुकाना बेहद जरूरी है। केवल रिवॉर्ड या कैशबैक के लिए जरूरत से ज्यादा खर्च करने पर ब्याज और अन्य शुल्क का बोझ बढ़ सकता है।

